
नारायणपुर, 18 जुलाई 2026। व्यवहार न्यायालय नारायणपुर में शनिवार को चेक बाउंस मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण के उद्देश्य से स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री जितेंद्र कुमार ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा, रिटेनर अधिवक्ता चंद्र प्रकाश कश्यप, अधिवक्ता जितेंद्र शुक्ला, श्रीमती दीपिका भंडारी, अजय देवांगन, रोशन साहू तथा न्यायालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री जितेंद्र कुमार ठाकुर ने पक्षकारों को अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निराकरण करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि लोक अदालत के माध्यम से समय और धन दोनों की बचत होती है तथा विवादों का शीघ्र समाधान संभव होता है।
खंडपीठ क्रमांक-2 में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा के समक्ष 22 परिवाद प्रकरण रखे गए, जिनमें से 5 मामलों का आपसी राजीनामा हुआ। इन मामलों में कुल 8 लाख 51 हजार रुपये की वसूली की गई।
वहीं खंडपीठ क्रमांक-1 में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री जितेंद्र कुमार ठाकुर के समक्ष 9 परिवाद प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें से 2 मामलों का समझौते के माध्यम से निराकरण हुआ और 2 लाख 70 हजार रुपये की वसूली की गई।
स्पेशल लोक अदालत के दौरान कुल 7 चेक बाउंस मामलों का आपसी समझौते से निराकरण करते हुए 11 लाख 21 हजार रुपये की वसूली की गई। न्यायालय ने पक्षकारों से भविष्य में भी वैकल्पिक विवाद समाधान की प्रक्रिया अपनाने की अपील की।




