
नारायणपुर। राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के कथित दुरुपयोग के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि करोड़ों रुपये के चंदे से जुड़े मामले में अब तक प्रभावी और निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ दान दिया था। ऐसे में चंदे के उपयोग और वित्तीय लेनदेन को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर पहले से सवाल उठाए गए, उन्हें ही ट्रस्ट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे, भूमि खरीद, खर्च और अन्य वित्तीय लेनदेन का स्वतंत्र फोरेंसिक ऑडिट कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराने की भी मांग की गई।
इस दौरान जिला कांग्रेस महासचिव शेख तौहीद, संजय राय, रवि देवांगन, वीपी शुक्ला, अमित भद्र, शब्बीर बढ़गुजर, बोधन देवांगन, प्रमोद नैलवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




