
कच्चापाल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर, मासिक धर्म जागरूकता एवं कच्चापाल वाटर फॉल में स्वच्छता अभियान आयोजित
नारायणपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माड़ रक्षा सेवा संस्था, नारायणपुर द्वारा ग्राम कच्चापाल में योग शिविर, मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर चर्चा के साथ हुई, जिसमें ग्रामीणों को नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में भी सहायक है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष मासिक धर्म जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को सेनेटरी नैपकिन वितरित कर सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन के प्रति प्रेरित किया गया।
संस्था द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंतर्गत कच्चापाल वाटरफॉल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने मिलकर पर्यटन स्थल की साफ-सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अपने आसपास के प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
माड़ रक्षा सेवा संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से संबंधित गतिविधियों का संचालन कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।





