header ads
अधिकारअबूझमाड़कृषिछत्तीसगढ़नारायणपुरराष्ट्रीयरोजगारशिक्षास्वास्थ्य

CG News: सुशासन एक्सप्रेस से अबूझमाड़ के गांवों तक पहुंच रही शासन की सेवाएं, हजारों ग्रामीणों को मिल रहा सीधा लाभ

दण्डकारण्य दर्पण

 

सुशासन एक्सप्रेस से अबूझमाड़ के गांवों तक पहुंच रही शासन की सेवाएं, हजारों ग्रामीणों को मिल रहा सीधा लाभ

नारायणपुर। जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “सुशासन एक्सप्रेस” अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। विशेष रूप से अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए यह पहल राहत और सुविधा का माध्यम बनकर उभरी है। अभियान के तहत प्रशासनिक दल गांव-गांव पहुंचकर शिविर आयोजित कर रहे हैं, जहां ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाएं उनके निवास स्थान के निकट ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

जिले के पांगुड़, घमंडी, रेकावाया, ओरछा, गोमे, कच्चापाल, जाटलूर, गारपा, कस्तूरमेटा, रायनार, कोहकामेटा और कोंगे सहित अनेक दूरस्थ गांवों में शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों में आधार पंजीयन एवं अपडेट, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता, पेंशन, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड, वोटर आईडी, मनरेगा जॉब कार्ड तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है।

 

कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर उनका निराकरण कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

 

अभियान के अंतर्गत अब तक 28 हजार 273 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 18 हजार 908 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। बड़ी संख्या में आधार अपडेट, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं, बैंक खातों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से जुड़े कार्य पूरे किए गए हैं।

 

सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से ग्रामीणों का समय और धन दोनों बच रहे हैं। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को प्राथमिकता के साथ सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!