header ads
खेलछत्तीसगढ़नारायणपुरबस्तरमनोरंजनरायपुरस्वास्थ्य

CG News: माड़ मैत्री अभियान के तहत पहली बार हुई पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाया दमखम

विनीत यादव बने "पावर मैन", 521 किलोग्राम वजन उठाकर जीता खिताब

 

 

माड़ मैत्री अभियान के तहत पहली बार हुई पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाया दमखम

 

विनीत यादव बने “पावर मैन”, 521 किलोग्राम वजन उठाकर जीता खिताब

 

नारायणपुर। माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत नारायणपुर पुलिस की पहल पर जिले में पहली बार पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। शहीद खोटलूराम कोर्राम पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से 30 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी शक्ति, अनुशासन और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा प्रदान करना था। प्रतियोगिता में स्क्वाट, बेंचप्रेस और डेडलिफ्ट जैसी प्रमुख पावरलिफ्टिंग स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धी भावना के साथ भाग लिया।

 

जिले में पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों से भरपूर समर्थन मिला। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

पुरुष वर्ग 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भीम देहारी ने प्रथम, कन्हैया कुमेटी ने द्वितीय और धर्मेंद्र सरकार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 70 किलोग्राम से कम भार वर्ग में गोलू मंडल प्रथम, चंदन धर द्वितीय और विकास सलाम तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 80 किलोग्राम से कम भार वर्ग में विनीत यादव ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि भुवन जायसवाल दूसरे और पीतांबर तीसरे स्थान पर रहे।

 

महिला ओपन वर्ग में पल्लवी सिंह ने प्रथम, नेहा जैन ने द्वितीय और रितु नेताम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण विनीत यादव रहे, जिन्होंने कुल 521 किलोग्राम वजन उठाकर “पावर मैन” का खिताब अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन ने दर्शकों और खिलाड़ियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

 

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए चिकित्सा सहायता, प्राथमिक उपचार, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थीं।

 

समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को विकसित करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल और फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से नारायणपुर पुलिस लगातार खेल, शिक्षा, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। पहली बार आयोजित यह पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ फिट और अनुशासित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।

 

दंडकारण्य दर्पण विशेष

 

नारायणपुर में पहली बार आयोजित पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया कि जिले के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उचित मंच और मार्गदर्शन की है। माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच बढ़ता विश्वास अब खेल मैदानों में भी दिखाई देने लगा है। यह पहल आने वाले समय में जिले की नई खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!