
रायपुर। देशभर के केमिस्ट और दवा व्यवसायी 20 मई को एक दिवसीय बंद पर रहेंगे। ऑनलाइन दवा बिक्री और दवा कारोबार से जुड़े नए नियमों के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट द्वारा यह आंदोलन किया जा रहा है। इस बंद का असर राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा। रायपुर में 3300 से अधिक मेडिकल दुकानें बंद रहने की जानकारी सामने आई है, जबकि प्रदेशभर में दवा कारोबार पूरी तरह प्रभावित रहने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल दुकानदार केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए जीएसआर 817 और जीएसआर 220 नियमों का विरोध कर रहे हैं। दवा व्यवसायियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और बिना डॉक्टर की पर्ची दवाइयों की उपलब्धता लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उनका मानना है कि इससे मरीजों में गलत दवाइयों के सेवन और दुरुपयोग की आशंका बढ़ जाएगी।
केमिस्ट संगठनों का कहना है कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं है, बल्कि यह सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा विषय है। इसलिए बिना उचित निगरानी और चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए। संगठन ने सरकार से जीएसआर 817 और जीएसआर 220 को वापस लेने की मांग की है।
बंद के दौरान राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉम्प्लेक्स सहित शहर की अधिकांश मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। हालांकि मरीजों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल परिसरों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे, ताकि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों।
दवा कारोबारियों के इस आंदोलन को देशभर के कई राज्यों में समर्थन मिल रहा है। ऐसे में 20 मई को आम लोगों को दवाइयों की खरीदारी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था पहले से कर लें।




