header ads
अबूझमाड़छत्तीसगढ़नारायणपुररायपुररोजगारशिक्षासत्य की खोजस्वास्थ्य

CG News: अबूझमाड़ के कैंसर मरीजों को मिली नई जिंदगी, निःशुल्क कीमोथेरेपी का पहला चरण सफल

दूरस्थ वनांचल तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा, नारायणपुर के कैंसर मरीजों का मुफ्त इलाज शुरू

निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर बना जीवनदायी पहल

अबूझमाड़ क्षेत्र के कैंसर मरीजों का निःशुल्क उपचार प्रारंभ, मुफ्त कीमोथेरेपी का पहला चरण पूर्ण

नारायणपुर। जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर अब दूरस्थ वनांचल और अबूझमाड़ क्षेत्र के मरीजों के लिए जीवनदायी पहल साबित हो रहा है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर पहचान, विशेषज्ञ परामर्श और निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलने से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में नई उम्मीद जगी है।

 

जिला प्रशासन द्वारा 19 अप्रैल 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को बेहतर उपचार से जोड़ना था।

 

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया। विशेष रूप से कैंसर रोग की जांच एवं स्क्रीनिंग के लिए ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों और कैंसर जांच वाहन की व्यवस्था की गई थी। शिविर के दौरान कुल 124 लोगों की जांच की गई, जिनमें 86 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच तथा 38 लोगों की कैंसर जांच वाहन के माध्यम से स्क्रीनिंग की गई।

 

जांच के दौरान कैंसर के लक्षण, जोखिम कारक और स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। विशेषज्ञ जांच के बाद अबूझमाड़ क्षेत्र सहित जिला नारायणपुर के तीन कैंसर मरीज रत्तूराम कन्हारगांव, सुनील कुमार एवं बिजनी बाई को आगे उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।

मरीजों ने 20 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 के बीच रायपुर में पुनः विस्तृत जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराए, जिसके बाद उनका कैंसर उपचार प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में वी.वाय. हॉस्पिटल रायपुर में तीनों मरीजों को पूर्णतः निःशुल्क कीमोथेरेपी का पहला चरण सफलतापूर्वक दिया गया।

 

विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों का उपचार किया गया तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। चिकित्सकों ने प्रथम चरण की कीमोथेरेपी पूर्ण होने के बाद मरीजों को तीन सप्ताह पश्चात पुनः फॉलोअप एवं अगले उपचार चक्र के लिए बुलाया है।

 

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से अब इन मरीजों को नियमित उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है।

 

ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम मानी जा रही है।

 

 

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!