
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत जिले में साफ-सफाई को लेकर सख्त निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका की टीम पूरे शहर में लगातार कार्रवाई कर रही है, जिससे लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों और आम नागरिकों में जागरूकता बढ़े।
अभियान के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया गया, जिसमें गंदगी फैलाने, दुकान के बाहर डस्टबिन नहीं रखने और प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई की गई। नगर पालिका द्वारा दर्जनों दुकानदारों से कुल 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल दंडात्मक नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक जरूरी कदम है।
नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम लगातार शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रख रही है। टीम द्वारा दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की समझाइश भी दी जा रही है।
नगर पालिका सीएमओ रामचंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के मद्देनजर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर की स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक हैं ।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि नारायणपुर एक स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में अपनी पहचान बना सके।




