
NH-30 पर भीषण सड़क हादसा
आमने-सामने टकराए दो हाईवा, एक चालक की दर्दनाक मौत
कोंडागांव, दंडकारण्य दर्पण
नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भूमका नाला के पास तेज रफ्तार दो हाईवा टिप्परों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदलपुर की ओर से गिट्टी लेकर आ रही एक हाईवा ने सामने से आ रही खाली हाईवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खाली वाहन का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जोबा कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मृत चालक के शव को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।
वहीं घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।




