header ads
अधिकारछत्तीसगढ़राष्ट्रीयशिक्षा

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रावास अधीक्षकों ने भरी हुंकार, एकदिवसीय हड़ताल कर किया प्रदर्शन

तहसीलदार ने धरना स्थल पहुंचकर लिया ज्ञापन, कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन एवं वनरक्षक संघ ने दिया समर्थन

 

 

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर 12 नवंबर को बखरूपारा, नारायणपुर में एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल आयोजित की गई। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आयोजित इस आंदोलन में नारायणपुर, ओरछा एवं कोहकामेटा विकासखंड के छात्रावास अधीक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान अधीक्षकों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना स्थल पहुंचकर संघ के पदाधिकारियों से ज्ञापन लेते तहसीलदार नारायणपुर।
बखरूपारा में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल छात्रावास अधीक्षक।

24 घंटे की ड्यूटी समाप्त करने सहित पांच प्रमुख मांगें

 

संघ की प्रमुख मांगों में छात्रावास अधीक्षकों की 24 घंटे की ड्यूटी व्यवस्था समाप्त कर निर्धारित कार्य अवधि एवं साप्ताहिक अवकाश प्रदान करना, कैडर पुनर्गठन लागू करना, विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति का अवसर देना, HMS पोर्टल की विसंगतियों को दूर करना तथा छात्रावास संचालन के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराना शामिल है।

 

धरना स्थल पहुंचे तहसीलदार, सौंपा मांगों का ज्ञापन

 

आंदोलन के दौरान तहसीलदार नारायणपुर स्वयं धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की और उनकी पांच सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान अधीक्षकों ने अपनी कार्यगत कठिनाइयों एवं लंबे समय से लंबित समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।

 

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और वनरक्षक संघ का समर्थन

 

आंदोलन को समर्थन देने छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. दीपेश रावटे तथा वनरक्षक संघ के पदाधिकारी भी धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

विद्यार्थियों की जिम्मेदारी निभाने वाले अधीक्षकों को मिले सेवा सम्मान

 

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रावास अधीक्षक विद्यार्थियों के आवास, भोजन, सुरक्षा और दैनिक देखरेख जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद उन्हें 24 घंटे की ड्यूटी सहित कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सेवा शर्तों में सुधार, उचित कार्य अवधि, पदोन्नति के अवसर और छात्रावास संचालन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है।

 

संघ ने शासन से पांच सूत्रीय मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। अधीक्षकों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें केवल कर्मचारियों की सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छात्रावास व्यवस्था को बेहतर और सुचारु बनाने से भी जुड़ी हुई हैं।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!