header ads
अपराधकृषिछत्तीसगढ़रायपुरराष्ट्रीयशिक्षा

CG: कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले में प्रोफेसर समेत छह आरोपी गिरफ्तार

कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले में प्रोफेसर समेत छह आरोपी गिरफ्तार

 

36 घंटे के भीतर रायपुर पुलिस ने किया पूरे मामले का खुलासा, दो आरोपी अब भी फरार

 

रायपुर, 24 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना के 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार इस मामले का मुख्य आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है। वह पिछले करीब एक वर्ष से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का काम कर रहा था।

 

17 अगस्त को आरोपी ने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए थे। इसके बाद 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र वह कथित तौर पर अपने घर ले गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने सुई और नुकीले औजार की मदद से लिफाफे में छोटा छेद कर प्रश्नपत्र की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद उसने यह सामग्री अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को 11 हजार रुपये में बेच दी। बाद में प्रश्नपत्र अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल हो गया।

 

परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले 20 अगस्त की सुबह प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ईमेल और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एनआर रंगारे की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया।

 

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में कार्रवाई करते हुए डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की। इसी दौरान दुर्ग निवासी अनुज मिंज को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने कथित पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग से जुड़े उपकरण, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा और फेविकोल समेत अन्य सामग्री जब्त की है।

 

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया निवासी सिवनी मध्यप्रदेश, हाल पता चंदखुरी दुर्ग, छात्र अजय नायक निवासी बलौदाबाजार, हाल पता मीनाक्षी नगर बोरसी दुर्ग, त्रिदेव पटेल निवासी महासमुंद, हाल पता आनंद विहार दुर्ग, नितिन पाण्डेय निवासी बस्तर, हाल पता मीनाक्षी नगर बोरसी दुर्ग, अनुज मिंज निवासी जशपुर, हाल पता पोटिया चौक दुर्ग और आदित्य साहू निवासी बालोद, हाल पता मीनाक्षी नगर बोरसी दुर्ग शामिल हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

रायपुर पुलिस का कहना है कि पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!