
छोटेडोंगर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, नदी-नाले उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा
संवाददाता – बोधन नाग
छोटेडोंगर। नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के चलते क्षेत्र के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई अंदरूनी गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क पूरी तरह कट गया है। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण कई रपटों और छोटी पुलियों के ऊपर दो से तीन फीट तक पानी बह रहा है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजार, दैनिक गतिविधियां और जरूरी कामकाज भी प्रभावित हुए हैं।
अचानक बने बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। निचले इलाकों में जलभराव की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उफान पर बह रहे नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की चेतावनी दी गई है। आपदा प्रबंधन दल और स्थानीय पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना अत्यधिक आवश्यकता के घरों से बाहर न निकलें और किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन या नियंत्रण कक्ष को देने की भी अपील की गई है।
लगातार जारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मौसम की चेतावनियों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो क्षेत्र के कई और गांवों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।




