CG News: पहली बारिश में बह गए विकास के दावे, छोटेडोंगर में पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी के घर तक जाने वाला मार्ग बना दलदल
सड़क पर जलभराव और गहरे गड्ढों से मरीज, स्कूली बच्चे और राहगीर परेशान। खनन क्षेत्र होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं की बदहाली पर ग्रामीणों में नाराजगी।

नारायणपुर।
दंडकारण्य दर्पण
मानसून की पहली बारिश ने ही नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। मुख्य चौक स्थित पुलिस थाना से पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी के निवास तक जाने वाला मुख्य मार्ग जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण पूरी तरह बदहाल हो गया है। सड़क पर जमा पानी और कीचड़ ने इस मार्ग को दलदल में बदल दिया है, जिससे लोगों की आवाजाही बेहद कठिन हो गई है।
यह मार्ग क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। देश के विभिन्न राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पारंपरिक चिकित्सा के लिए पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी के पास पहुंचते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण मरीजों को लेकर आने वाले वाहन बीच रास्ते में फंस रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, ग्रामीण और दोपहिया वाहन चालक भी गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि छोटेडोंगर क्षेत्र में बड़े स्तर पर खनन गतिविधियां संचालित हो रही हैं और औद्योगिक गतिविधियों से पर्याप्त राजस्व भी प्राप्त हो रहा है। इसके बावजूद क्षेत्र की प्रमुख सड़क की यह स्थिति स्थानीय विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के पूरे मौसम में आवागमन और स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मार्ग की तत्काल मरम्मत कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों, विद्यार्थियों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।




