
दंडकारण्य दर्पण
श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को मिलेगा सम्मान, मुख्यमंत्री साय करेंगे प्रतिभाओं का अभिनंदन
बोर्ड परीक्षा के टॉप-10 विद्यार्थियों को दो लाख रुपये की सहायता, शिक्षा और भविष्य को मिलेगा नया संबल
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 जून को रायपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में श्रमिक परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
योजना के तहत चयनित प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के लिए आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से दोपहिया वाहन क्रय करने हेतु एक लाख रुपये का विशेष अनुदान भी दिया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक छात्र को कुल दो लाख रुपये की सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
श्रम कल्याण मंडल के अधिकारियों के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित निर्माण श्रमिक का मंडल में कम से कम 90 दिन पूर्व से पंजीकृत होना आवश्यक है। यह सुविधा पंजीकृत श्रमिक के केवल प्रथम दो बच्चों को ही प्रदान की जाएगी तथा एक शैक्षणिक वर्ष में इसका लाभ केवल एक बार प्राप्त किया जा सकेगा।
राज्य सरकार की यह पहल श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रही है।




