
छत्तीसगढ़ कांग्रेस का संगठन सशक्तिकरण अभियान, जिला अध्यक्षों के लिए लगेगा 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे मार्गदर्शन, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा 21 जून से 30 जून तक नव नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर अभनपुर के निकट चम्पारण स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर के नए जिला अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक, वैचारिक और नेतृत्व संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे अपने-अपने जिलों में संगठन को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि मजबूत जिला संगठन ही बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता सुनिश्चित कर सकता है।
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा संगठन की कार्यप्रणाली, विस्तार की रणनीति, जिला अध्यक्षों के अधिकार एवं जिम्मेदारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा पार्टी की विचारधारा और जनसरोकारों को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना है। दोनों नेता जिला अध्यक्षों को संगठन की भावी रणनीति और कार्य दिशा को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से संगठनात्मक क्षमता में वृद्धि होगी और पार्टी की गतिविधियां गांव, पंचायत तथा बूथ स्तर तक अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगी। राजनीतिक विश्लेषकों का भी मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।
इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कांग्रेस प्रदेशभर में अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की तैयारी में जुटी हुई है, जिससे कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।




