CG News: बस्तर में पहली आवासीय खेल अकादमी के लिए चयन ट्रायल शुरू
जगदलपुर में दो दिवसीय ट्रायल के जरिए तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का होगा चयन, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा मुफ्त आवासीय प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय सुविधाएं

बस्तर में पहली आवासीय खेल अकादमी के लिए चयन ट्रायल आज से
जगदलपुर में दो दिवसीय ट्रायल, तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण
जगदलपुर। बस्तर संभाग में पहली बार आवासीय खेल अकादमी की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए आज और कल जगदलपुर में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इस रेसिडेंशियल स्पोर्ट्स अकादमी को बस्तर के युवाओं के लिए बड़ी पहल माना जा रहा है।
चयन ट्रायल में तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को पूरी तरह निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को भोजन, आवास और प्लेइंग किट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
खेल विभाग के अनुसार चयनित खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही खिलाड़ियों के लिए दुर्घटना बीमा की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें।
आज आयोजित होने वाले पहले चरण में खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, मेडिकल परीक्षण और फिटनेस टेस्ट लिया जाएगा। इसके बाद कल खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अकादमी के लिए फुटबॉल के 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जबकि तीरंदाजी और एथलेटिक्स में 20-20 खिलाड़ियों को मौका मिलेगा।
बस्तर में पहली आवासीय खेल अकादमी की शुरुआत को क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। इससे ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिलेगा।




