
मंत्रालय में अब केवल ई-फाइल से होगा काम, हार्ड कॉपी पर रोक
1 जून 2026 से लागू होगा नया नियम
पारदर्शिता और कामकाज में तेजी लाने शासन ने जारी किए निर्देश
रायपुर। Raipur स्थित मंत्रालय में अब फिजिकल फाइलों के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा रही है। सामान्य प्रशासन विभाग ने नया आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि 1 जून 2026 से मंत्रालय में केवल ई-फाइल प्रणाली के तहत ही कामकाज किया जाएगा। इसके बाद हार्ड कॉपी फाइलें स्वीकार नहीं की जाएंगी।
शासन के निर्देशानुसार अब सभी विभागों में ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से ही फाइलों का संचालन होगा। अधिकारियों को केवल ई-फाइल स्वीकार करने के निर्देश दिए गए हैं। फिजिकल दस्तावेजों को स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार का कहना है कि यह फैसला प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी लाने के उद्देश्य से लिया गया है। लंबे समय से ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने के बावजूद कई कार्यालयों में फिजिकल फाइलों का उपयोग जारी था, जिसे देखते हुए अब सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों और कार्यालय प्रमुखों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। हालांकि गोपनीय और अति गोपनीय मामलों में इस व्यवस्था से सीमित छूट दी गई है।
शासन का मानना है कि पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया लागू होने से फाइलों के निपटारे में तेजी आएगी, रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे और अनावश्यक देरी व लालफीताशाही पर रोक लग सकेगी।




