
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प को लगातार आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के सिवनी में लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि साय सरकार के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र में विकास की नई धारा बह रही है।
उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा, डिजिटल सेवाएं और सामुदायिक अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में लगातार काम किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
लोकार्पित कार्यों में सिवनी से खालेपारा और सिवनी से आमागुड़ापारा तक सड़क निर्माण प्रमुख हैं, जिनसे ग्रामीणों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी। इसके अलावा बड़ेआमाबाल और बड़ेअलनार में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाएं और शासकीय योजनाओं का लाभ गांव में ही मिल सकेगा। सोनारपाल के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना शेड का निर्माण भी किया गया है।
भूमिपूजन कार्यों में सोनारपाल में गणेश मंडली के पास शेड, टाइल्स और लाइट व्यवस्था का निर्माण तथा बड़ेआमाबाल के खरियापारा में सांस्कृतिक भवन निर्माण शामिल है, जो सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
मंत्री कश्यप ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी इसी तरह के जनकल्याणकारी कार्यों से नारायणपुर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।




