
दंडकारण्य दर्पण | खेल विशेष
शहीदों की स्मृति में फुटबॉल महाकुंभ: डीआरजी बनी चैंपियन, युवाओं में दिखा जोश और अनुशासन
नारायणपुर। शहीद वीर जवानों की स्मृति में नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन हो गया। खेल परिसर ग्राउंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले भर की 16 टीमों ने भाग लेकर खेल भावना और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
—
डीआरजी का शानदार प्रदर्शन, टीएफसी रही उपविजेता
10 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें डीआरजी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 4-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं टीएफसी टीम उपविजेता रही, जबकि फॉरेस्ट विभाग नारायणपुर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरस्कार वितरण में विजेता टीम डीआरजी को ₹17,000, उपविजेता टीएफसी को ₹13,000 और तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ₹10,000 की नगद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।
—
व्यक्तिगत प्रदर्शन भी रहा शानदार
प्रतियोगिता में डीआरजी के मेहतर कोर्राम ने 6 गोल दागकर टॉप गोल स्कोरर का खिताब जीता, वहीं मुलक नाग को पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 1 गोल खाने पर बेस्ट गोलकीपर घोषित किया गया।
—
बालिकाओं के लिए भी हुआ विशेष मैच
फाइनल से पहले बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लामा एकेडमी ‘ए’ और ‘बी’ के बीच सद्भावना मैच आयोजित किया गया। इस मुकाबले में लामा एकेडमी ‘बी’ ने 2-0 से जीत दर्ज कर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस पहल को बालिकाओं के आत्मविश्वास और खेल के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कदम माना गया।
—
युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का संदेश
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करना रहा। साथ ही शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास भी रहा।
—
पूर्व नक्सली ने निभाई अहम भूमिका
प्रतियोगिता के दौरान पूर्व डीवीसीएम सुखलाल जुर्री ने खिलाड़ियों को लगातार मेडिकल सपोर्ट प्रदान किया। उन्होंने चोटिल खिलाड़ियों का तत्काल उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण कर आयोजन को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यधारा से जुड़ने के बाद उनका यह योगदान समाज में सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बनकर उभरा है।
—
अधिकारियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीओपी अभिषेक केसरी, डीएसपी अरविंद खलखो, आशीष कुमार नेताम, रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और नागरिक उपस्थित रहे।
—




