Chhattisgarh: नारायणपुर में पुलिस से अभद्रता, पेट्रोलिंग वाहन रोका… 38 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार..

नारायणपुर, 14 फरवरी। शासकीय कार्य में बाधा डालने और पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस दल से अभद्र व्यवहार करने वाले एक आरोपी को नारायणपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जब पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी .
थाना नारायणपुर क्षेत्र में 13 फरवरी 2026 की रात पुलिस दल शासकीय वाहन से पेट्रोलिंग ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान नारायणपुर निवासी सुरजीत सिंह ठाकुर (38 वर्ष) ने कथित रूप से पुलिस वाहन को बीच रास्ते रोक लिया। आरोप है कि उसने न केवल शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच और धमकी भी दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सरकारी कामकाज में बाधा डाली। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 18/2026 दर्ज किया।आरोपी के विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 126, 296, 351(2), 221 एवं 132 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। शनिवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड के लिए आवेदन किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।




