
दण्डकारण्य दर्पण
नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए नारायणपुर जिले में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री ने प्रभारी मंत्री के साथ ग्राम हलामी मुंजमेटा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान 6 करोड़ 70 लाख 78 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा आधारभूत संरचना विकास जैसी योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि नारायणपुर जिले के समग्र विकास के लिए लगभग ढाई हजार करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। इनमें हलामी मुंजमेटा में यात्री प्रतीक्षालय, मारकाबेड़ा में आंगनबाड़ी भवन, करमरी में खेल मैदान, एड़का में साहू समाज भवन, नाऊमुंजमेटा में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, बाजार स्थल में शेड और हाईमास्ट लाइट, देवगांव में सामाजिक भवन पर शेड निर्माण, ग्राम बावड़ी में सामाजिक भवन तथा फरसगांव-मसपुर मार्ग पर तीन किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल हैं।
मंत्री कश्यप ने शिविर में उपस्थित लखपति दीदियों से संवाद कर उनके स्वावलंबन और आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूल भवनों की मरम्मत का कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूरा किया जाए ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। राजस्व विभाग ने स्वामित्व योजना के दस्तावेज, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पूर्ण आवासों की चाबियां, खाद्य विभाग ने राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण विभाग ने व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण तथा श्रम विभाग ने श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए।
अपने संबोधन के अंत में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निर्माण करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है। सुशासन तिहार इसी संकल्प का प्रतीक है, जहां सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रही है।