शामपुर आवासीय विद्यालय विवाद: कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सार्वजनिक की जांच रिपोर्ट, आरोपों का किया खंडन

राशन, छात्रावास की बदहाली और सीसीटीवी मामले में कार्रवाई का खुलासा, शिक्षिका प्रियंका परिहार प्रकरण पर प्रशासन ने रखा पक्ष; वित्तीय अनियमितताओं की नए सिरे से होगी जांच

 

रिपोर्टर -धनेंद्र निषाद

कोंडागांव। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर (माकड़ी) में पिछले एक महीने से जारी विवाद के बीच जिला प्रशासन ने रविवार को प्रेसवार्ता कर पूरे मामले में अपना पक्ष सार्वजनिक किया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्रावास में खराब राशन सामग्री, बालिका शौचालय के सामने सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने और शिक्षिका प्रियंका परिहार के विरुद्ध हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई से संबंधित जांच रिपोर्ट तथा कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया गया। प्रशासन ने प्रियंका परिहार द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए विभिन्न जांच समितियों के निष्कर्षों और दस्तावेजों के आधार पर घटनाक्रम स्पष्ट किया। साथ ही पालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने की अपील की गई।

छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर तत्कालीन प्राचार्य और कर्मचारियों पर कार्रवाई

कलेक्टर ने बताया कि 30 अक्टूबर को पालक, विद्यार्थी और शिक्षक अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इसके बाद 2 नवंबर को निरीक्षण समिति गठित की गई, जिसने 3 नवंबर को विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की। जांच के दौरान छात्रावास में रखे अनाज और राशन सामग्री में कीड़े पाए गए। कन्या छात्रावास के शौचालयों में गंदगी, दरवाजों की खराब स्थिति, पानी की टंकी का ढक्कन नहीं होना और सफाई व्यवस्था में कमी जैसी समस्याएं सामने आईं। वहीं दो बंद कमरों में खराब चावल और मिर्च पाउडर के पैकेट भी पाए गए।

बालक छात्रावास में पानी का रिसाव, दीवारों में सीलन, चूहों के बिल, खिड़कियों के टूटे कांच और चार कंप्यूटर बिना इंस्टॉल किए पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर 5 नवंबर को तत्कालीन प्राचार्य चंद्रकिरण तिवारी को पद से हटाया गया, बालक छात्रावास अधीक्षक राजवीर यादव की सेवा समाप्त की गई तथा कन्या छात्रावास अधीक्षिका निशु पंघाल को हटाने के लिए संबंधित कार्यालय को पत्र भेजा गया। इसके अलावा प्राचार्य सहित संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

सीसीटीवी मामले में जांच समिति ने बताया कैमरा निष्क्रिय

बालिका शौचालय के सामने सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के विवाद को लेकर प्रशासन ने बताया कि 11 नवंबर को तकनीकी विशेषज्ञों और पालक प्रतिनिधियों को शामिल कर 13 सदस्यीय जांच समिति बनाई गई थी, जिसे बाद में विस्तारित कर 15 सदस्यीय दल के रूप में जांच की गई।

जांच के दौरान कैमरा लगाने वाले इलेक्ट्रिशियन बाबूलाल मरकाम का बयान लिया गया। उनके अनुसार बालिका शौचालय के सामने कैमरा लगाया गया था, लेकिन वह कभी चालू नहीं हुआ। छात्राओं की आपत्ति के बाद अगले दिन कैमरे को दूसरी दीवार पर स्थानांतरित कर दिया गया था। प्रशासन का दावा है कि कैमरे से किसी प्रकार की रिकॉर्डिंग नहीं हुई और न ही फुटेज एक्सेस किया गया।

समिति ने भौतिक सत्यापन और संबंधित व्यक्तियों के बयान के आधार पर रिपोर्ट तैयार की, जिस पर पालक प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने बताया कि एनईएसटीएस के दिशा-निर्देशों में शौचालय और वॉशरूम को सीसीटीवी कैमरों की निर्धारित जगहों से बाहर रखा गया है। तत्कालीन प्राचार्य द्वारा दिशा-निर्देश में लिखे एक्सक्लूडिंग शब्द को गलत समझने की बात सामने आई, जिसके आधार पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

शिक्षिका प्रियंका परिहार के मामले में प्रशासन ने बताया कार्रवाई का क्रम

कलेक्टर ने शिक्षिका प्रियंका परिहार के मामले में बताया कि अगस्त 2025 में शिक्षकों की शिकायतों के आधार पर छह सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। शिकायतों में बिना अनुमति वीडियो बनाने, शिक्षकों के साथ विवाद करने और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने जैसे आरोप शामिल थे। क्वार्टर आवंटन को लेकर उनकी मांग का भी उल्लेख किया गया। प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान उनकी मांग के अनुरूप कमरा उपलब्ध कराया गया था।

9 सितंबर 2026 को आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में शिक्षिका को विद्यालय की समस्याएं रखने का अवसर दिए जाने की बात भी कलेक्टर ने कही। प्रशासन के अनुसार बैठक में उन्होंने मुख्य रूप से अपने क्वार्टर से संबंधित विषय उठाया। 9 अक्टूबर को फिनाइल सेवन की घटना के बाद संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई और 14 अक्टूबर को राज्य कार्यालय के आदेश से उन्हें जगदलपुर स्थित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में संलग्न किया गया।

15 अक्टूबर को विद्यालय से भारमुक्त किए जाने के बावजूद 15 से 27 अक्टूबर तक कोण्डागांव विद्यालय की उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर किए जाने की बात भी प्रशासन की ओर से बताई गई। 28 अक्टूबर को जगदलपुर में ज्वाइनिंग देने के बाद 31 अक्टूबर को बिना अनुमति कोण्डागांव पहुंचने और पालकों एवं विद्यार्थियों के साथ कलेक्ट्रेट आने का घटनाक्रम सामने आया।

समिति की रिपोर्ट के बाद निलंबन, न्यायालयीन मामले पर टिप्पणी से इनकार

कलेक्टर के अनुसार शिक्षिका को अपना पक्ष रखने का अवसर देने के लिए समिति गठित की गई थी। समिति के समक्ष उन्होंने मुख्य रूप से अपने संलग्नीकरण, आवास और प्राचार्य से संबंधित व्यक्तिगत समस्याएं रखीं। समिति की रिपोर्ट के आधार पर 2 नवंबर को उनके निलंबन का आदेश जारी किया गया।

निलंबन के दौरान मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित होने के बावजूद 24 नवंबर को उनके कोण्डागांव स्थित विद्यालय पहुंचने और आवास में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ। प्रशासन के अनुसार उन्हें प्रवेश से मना किए जाने के बावजूद उन्होंने परिसर में प्रवेश किया, जिसके बाद 25 नवंबर की सुबह पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। कलेक्टर ने इस मामले को न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़ा बताते हुए आगे टिप्पणी करने से इनकार किया।

राशन खरीदी और कथित फर्जी बिलों की जांच होगी

प्रेसवार्ता में राशन खरीदी, एक्सपायरी सामग्री, स्टॉक रजिस्टर और कथित फर्जी बिलों को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एकलव्य विद्यालय के वित्तीय मामलों में जिला कलेक्टर कार्यालय और आदिम जाति कल्याण विभाग की प्रत्यक्ष वित्तीय शक्तियां नहीं हैं। टेंडर और खरीदी की जिम्मेदारी एनईएसटीएस की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संबंधित प्राचार्य और लेखापाल की है।

हालांकि, स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं होने या फर्जी बिल लगाए जाने की शिकायत प्रमाणित होने पर इसे गंभीर मामला माना जाएगा। प्रशासन ने वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए नए सिरे से समिति गठित करने और संबंधित वेंडरों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री छात्रावास परिसर में नहीं होनी चाहिए और ऐसी सामग्री पहुंचने की स्थिति में उसे स्वीकार करने वाले जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

करीब 20 सदस्यीय समिति में पालक प्रतिनिधि और स्थानीय लोगों को शामिल किया गया

प्राचार्य के विरुद्ध भी निलंबन की अनुशंसा संबंधित सक्षम अधिकारी को भेजे जाने की जानकारी दी गई, जबकि शिक्षिका प्रियंका परिहार के विरुद्ध विभागीय जांच जारी होने की बात कही गई।

बच्चों की पढ़ाई प्राथमिकता, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय का संचालन शुरू हो चुका है और आगामी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय से जुड़े विवाद और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला समाप्त होगा तथा पालक, शिक्षक और प्रशासन मिलकर विद्यालय के बेहतर संचालन में सहयोग करेंगे।

 

Exit mobile version