
रायपुर, 18 नवंबर 2026। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, कठिन परिश्रम, अनुशासन और नवाचार ही देश की प्रगति की दिशा निर्धारित करेंगे। युवाओं को अपने जीवन का प्रत्येक कार्य पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए, ताकि उनके प्रयासों से समाज और राष्ट्र को नई दिशा मिल सके। यह बात राज्यपाल श्री रमेन डेका ने रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कही।
राज्यपाल ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है। यह युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा, बेहतर शिक्षा और कौशल विकास के अवसर मिलें, तो विकसित भारत-2047 का संकल्प निश्चित रूप से साकार हो सकता है।
‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय शिविर 17 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर से आए युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मंच बना युवा शिविर
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि इस तरह के युवा शिविर देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, भाषा और विचारों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव की भावना का प्रतीक है। युवाओं को इसके मूल भाव को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी सफलता का आधार
युवाओं को जीवन में सफलता प्राप्त करने के मंत्र बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्पष्ट उद्देश्य, धैर्य और दृढ़ संकल्प सफलता के लिए आवश्यक हैं। केवल लक्ष्य निर्धारित कर लेना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन भी जरूरी है।
उन्होंने युवाओं को समय का महत्व समझाते हुए टालमटोल की आदत से दूर रहने की सलाह दी। राज्यपाल ने कहा कि आज के काम को कल पर टालने से अवसर हाथ से निकल सकते हैं। समय की पाबंदी, नियमित प्रयास और जिम्मेदारी के साथ काम करने की आदत ही सफलता की मजबूत नींव तैयार करती है।
गांवों में विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं
राज्यपाल ने युवाओं से गांवों की ओर रुख करने और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को पहचानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों में विकास और रोजगार के अनेक अवसर मौजूद हैं। युवा स्थानीय जरूरतों को समझकर रोजगार के नए साधन विकसित कर सकते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे सकते हैं।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने बस्तर क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं शांति और विकास का वातावरण तैयार होता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है तथा क्षेत्र तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि जिन इलाकों में पहले संचार सुविधाओं का अभाव था, वहां अब मोबाइल टावर, रेडियो और टेलीविजन की पहुंच बढ़ रही है। बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी क्षेत्र में आ रहे बदलावों का महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने बस्तर में विकास की संभावनाओं और बदलती परिस्थितियों को सकारात्मक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।
प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उन्हें बेहतर भविष्य और सफल जीवन के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों, गतिविधियों और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोक भवन के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए अधिकारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।