
19 पुलों का निर्माण जारी, 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को मंजूरी; महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क भी होगा आसान
रायपुर/कांकेर, 17 नवंबर 2026। नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहे बस्तर संभाग में अब विकास की रफ्तार तेज होती दिखाई दे रही है। कभी नक्सल गतिविधियों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण विकास की मुख्यधारा से कटे रहने वाले दूरस्थ इलाकों में अब सड़क और पुल निर्माण के माध्यम से कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है। इसी कड़ी में कांकेर जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग द्वारा वृहद पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इसके अलावा 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 पुलों का निर्माण जारी है, जबकि 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं से कांकेर जिले के दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों और जिला मुख्यालय से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर बने बड़े पुल, 210 गांवों को मिला लाभ
कांकेर जिले के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़ रुपये, मेढ़की नदी में 12 करोड़ रुपये और महला नदी में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण किया गया है।
इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से पुल बनाया गया है। इन पुलों के निर्माण से पहले जिन इलाकों में नदी-नालों के कारण आवागमन बाधित होता था, वहां अब बारहमासी संपर्क की सुविधा उपलब्ध हुई है।
इन परियोजनाओं का लाभ जिले के लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को मिला है। ग्रामीणों के लिए विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान हुआ है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक पहुंच और विकास कार्यों को भी मजबूती मिली है।
कुछ महीनों में 61 करोड़ से बने 9 पुल
नक्सल समस्या के प्रभाव में कमी आने के बाद कांकेर जिले में पुल निर्माण कार्यों को और गति मिली है। पिछले कुछ महीनों के दौरान ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा कराया गया है।
इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपये, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपये, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपये तथा कापसी (पीवी-130)-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 6 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल शामिल हैं।
इन पुलों से लगभग 80 गांवों की 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है। इसका सीधा असर ग्रामीण जीवन पर पड़ रहा है। उच्च शिक्षा, व्यापार, कृषि गतिविधियों, पर्यटन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क के रास्ते आसान हुए हैं। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अब दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी।
महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क को मिलेगी मजबूती
कांकेर जिले के साथ नारायणपुर के माड़ क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में भी कनेक्टिविटी मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन पुलों के निर्माण से न केवल स्थानीय आवागमन बेहतर होगा, बल्कि महाराष्ट्र के साथ अंतरराज्यीय संपर्क भी सुगम होगा।
मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कराया जा रहा है।
इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इस पुल के पूरा होने से नारायणपुर और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ महाराष्ट्र की ओर अंतरराज्यीय आवाजाही को भी बढ़ावा मिलेगा।
140 करोड़ के 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत
कांकेर जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए राज्य शासन द्वारा 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
इसके अतिरिक्त 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं का काम शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
स्वीकृत परियोजनाओं में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपये, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपये, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपये, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शामिल है।
पुलों से खुलेगा विकास और रोजगार का रास्ता
बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में पुलों का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, कृषि और रोजगार के नए अवसरों से भी जुड़ा हुआ है। नदी-नालों के कारण बरसात में संपर्क टूटने वाले गांवों को बारहमासी सड़क संपर्क मिलने से ग्रामीणों का जीवन आसान होगा।
विशेष रूप से नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्रशासनिक पहुंच और स्थानीय विकास को नई मजबूती दे सकता है। पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, शिक्षण संस्थानों और सरकारी सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
कांकेर जिले में पूरी हो चुकी, निर्माणाधीन और स्वीकृत पुल परियोजनाएं इस बात का संकेत हैं कि बस्तर के दूरस्थ इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीण अंचलों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
दण्डकारण्य दर्पण सच के साथ, समाज के साथ