माओवादियों के छिपाए 711 बीजीएल सेल बरामद, सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता; कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में जाने से बचें

उसूर थाना क्षेत्र के केजी हिल्स जंगल में संयुक्त सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन, ताड़ापाला एफओबी से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला विस्फोटकों का बड़ा जखीरा

माओवादियों के छिपाए 711 बीजीएल सेल बरामद, सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता; कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में जाने से बचें

 

उसूर थाना क्षेत्र के केजी हिल्स जंगल में संयुक्त सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन, ताड़ापाला एफओबी से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला विस्फोटकों का बड़ा जखीरा

बीजापुर में नक्सली डंप बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के ताड़ापाला एफओबी के समीप केजी हिल्स के जंगल में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 नग बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) सेल बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने 5 नवंबर 2026 को सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान ताड़ापाला एफओबी के आसपास के जंगलों में तलाशी ली गई।

 

इस दौरान एफओबी ताड़ापाला से लगभग 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल बरामद हुए। सुरक्षा बलों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लिया।

 

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में जाने से बचें, पुलिस की अपील

 

विस्फोटकों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आम नागरिकों और स्थानीय ग्रामीणों से कर्रेगुट्टा तथा आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल नहीं जाने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में अभी भी बारूदी सुरंग (IED) अथवा अन्य विस्फोटक सामग्री छिपी होने की आशंका बनी हुई है।

 

जल्द चलाया जाएगा डी-माइनिंग अभियान

 

क्षेत्र में संभावित विस्फोटकों और बारूदी सुरंगों के खतरे को देखते हुए सुरक्षा बलों द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के तहत डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में मौजूद संभावित विस्फोटक सामग्री की पहचान कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करना है।

 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा बलों की अनुमति और आधिकारिक सूचना के बिना जंगलों एवं पहाड़ी क्षेत्रों में प्रवेश न करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

 

सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बरामदगी

 

बीजापुर के कर्रेगुट्टा और आसपास का जंगल क्षेत्र लंबे समय तक माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। ऐसे क्षेत्र में बड़ी संख्या में बीजीएल सेल की बरामदगी सुरक्षा बलों के सर्च अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

 

दण्डकारण्य दर्पण आम नागरिकों से अपील करता है कि प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा संवेदनशील जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें।

Exit mobile version