
लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल प्रतिभा का किया प्रदर्शन, महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
नारायणपुर। खेल के मैदान में प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए नवीन शासकीय महाविद्यालय छोटे डोंगर, जिला नारायणपुर के विद्यार्थी राजेश कोर्राम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सेक्टर स्तरीय उत्तर बस्तर कांकेर में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय सहित जिले का गौरव बढ़ाया है।
महाविद्यालय के बी.ए. पंचम सेमेस्टर में अध्ययनरत राजेश कोर्राम ने अपनी गति, अनुशासन और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दोनों प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता ने यह साबित किया है कि ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित अवसर और निरंतर अभ्यास मिलने पर यहां के विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
राजेश की इस उपलब्धि से नवीन शासकीय महाविद्यालय छोटे डोंगर में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्राचार्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक प्रभारी श्री बी.डी. चांडक ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राजेश कोर्राम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक श्री अविनाश कुमार सहारे सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने राजेश की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि राजेश भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, नारायणपुर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
राजेश कोर्राम की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने तथा अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने की दिशा में ऐसी सफलताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सच के साथ, समाज के साथ।