छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटन्स का दमदार प्रदर्शन, राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया

मोहित नायक बने मैच के हीरो, राजधानी रॉयल्स की सेमीफाइनल की राह लगभग बंद; न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में पक्की की जगह

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटन्स का दमदार प्रदर्शन, राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया

 

मोहित नायक बने मैच के हीरो, राजधानी रॉयल्स की सेमीफाइनल की राह लगभग बंद; न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में पक्की की जगह

 

रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। लीग के सातवें मैच में प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 5-2 से शिकस्त दी। इस हार के साथ राजधानी रॉयल्स के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह लगभग बंद हो गई है। मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल, बेहतर तालमेल और शानदार गोल के दम पर जीत दर्ज की।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग मैनपाट टाइटन्स बनाम राजधानी रॉयल्स

मैच देखने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुश्री नीता डूमरे भी पहुंचे। अतिथियों ने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव लगातार तीसरे दिन अपनी व्यस्तताओं के बावजूद हॉकी स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।

 

शुरुआती क्वार्टर में धीमा खेल, मनीष वट्टी ने खोला खाता

 

मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाने की कोशिश जारी रही। शुरुआती खेल अपेक्षाकृत धीमा रहा और दोनों टीमें विपक्षी सर्कल में ज्यादा प्रभावी मौके नहीं बना सकीं। हालांकि क्वार्टर के अंतिम हिस्से में मैनपाट टाइटन्स ने गति बढ़ाई और सर्कल के भीतर मिले मौके का फायदा उठाते हुए मनीष वट्टी ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी।

 

इसके बाद राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की। रोशन के पास पर अनिकेत ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके लगभग 30 सेकंड बाद रोशन ने भी गोल करने की कोशिश की, लेकिन रेफरी ने उनके गोल को अमान्य करार दिया।

 

शानदार गोलों से मैनपाट ने बनाई मजबूत बढ़त

 

मैनपाट टाइटन्स ने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए संदीप ठाकुर के गोल की बदौलत हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। ललित ने दूर से शानदार स्कूप पास रोशन तक पहुंचाया, जिसे रोशन ने गोल में बदल दिया। मुकाबले के इस गोल ने दर्शकों का ध्यान खींचा और इसे टूर्नामेंट के बेहतरीन गोलों में शामिल किए जाने योग्य प्रदर्शन माना गया।

 

इसी क्वार्टर में मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक के जरिए शानदार गोल दागकर मैनपाट टाइटन्स की बढ़त और मजबूत कर दी। टीम ने आक्रामक रणनीति के साथ राजधानी रॉयल्स पर दबाव बनाए रखा।

 

पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी राजधानी रॉयल्स

 

मैच के आगे बढ़ने के साथ राजधानी रॉयल्स का प्रदर्शन कमजोर पड़ता गया। मैनपाट टाइटन्स की ओर से प्रिंस ने गोल कर टीम की बढ़त बढ़ा दी। राजधानी रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं कर पाना रहा। टीम इन मौकों का लाभ उठाने में नाकाम रही और प्रभावी हमले भी नहीं कर सकी।

 

मैनपाट टाइटन्स ने मुकाबले में 5-2 से जीत दर्ज की। मोहित नायक को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

न्यायधानी नाइट्स की शानदार जीत, सेमीफाइनल में जगह पक्की

 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। न्यायधानी नाइट्स ने अब तक खेले गए अपने तीनों मुकाबलों में जीत हासिल की है और टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

 

इस मुकाबले के स्टार ड्रैग-फ्लिकर चिराग रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बैलाडीला बुल्स की ओर से जसकरण सिंह ने एकमात्र गोल किया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चिराग को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

 

वहीं, बैलाडीला बुल्स अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी है और अंक तालिका के निचले हिस्से में बनी हुई है।

 

26 अक्टूबर को भी होंगे रोमांचक मुकाबले

 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा, जबकि चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटन्स के बीच भी मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल की दौड़ के बीच आगामी मैचों में टीमों के प्रदर्शन पर दर्शकों की नजरें रहेंगी।

 

दंडकारण्य दर्पण सच के साथ, समाज के साथ

Exit mobile version