
रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के पांचवें मैच में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से पराजित कर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली।
शुरुआती बढ़त के बावजूद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को मिली हार
न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच खेले गए मुकाबले में शुरुआत संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के पक्ष में रही। टीम को शुरुआती दौर में दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह इन मौकों को गोल में नहीं बदल सकी। इसके बाद ओम कुमार यादव ने जीतू हेमला के पास पर शानदार डिफ्लेक्शन करते हुए गोल किया और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 1-0 की बढ़त दिलाई।
शुरुआती बढ़त के बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैच में दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन गोल के मौकों को भुनाने में चूक का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स की दमदार वापसी
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबले का रुख बदल दिया। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर टीम को बराबरी दिलाई। इसके कुछ ही देर बाद शादाब अहमद खान ने गोल कर न्यायधानी नाइट्स को बढ़त दिला दी। इस दौरान संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के गोलकीपर आदित्य कुमार नेताम के गिरने के बाद मिले मौके का न्यायधानी ने फायदा उठाया।
इसके एक मिनट से भी कम समय में चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त 3-1 कर दी। पहले हाफ के अधिकांश समय में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के दबदबे के बावजूद स्कोर न्यायधानी नाइट्स के पक्ष में रहा।
पेनाल्टी स्ट्रोक से संस्कारधानी की वापसी की कोशिश
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश तेज की। पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकाम रहने के बाद टीम को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर अंतर कम किया।
इसके जवाब में न्यायधानी नाइट्स के चिराग ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर अपनी टीम की बढ़त फिर दो गोल की कर दी।
मुकाबले के अंतिम चरण में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए एक और गोल कर संस्कारधानी की उम्मीदों को जीवित रखने का प्रयास किया, लेकिन सोनू ने न्यायधानी नाइट्स के लिए पांचवां गोल दागकर जीत सुनिश्चित कर दी।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को प्लेयर ऑफ द मैच और आशीष तानी पूर्ति को स्ट्राइकर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
लगातार दूसरे दिन मैच देखने पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन मैच देखने पहुंचे। मैच के बाद आयोजित प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने स्टार परफॉर्मर्स को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
चक्रधर चैंपियंस की लगातार दूसरी जीत, सेमीफाइनल की उम्मीद मजबूत
दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर महत्वपूर्ण जीत हासिल की। इस जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस ने अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में पहुंचने की दावेदारी मजबूत कर ली।
चक्रधर चैंपियंस की ओर से परमप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने एक गोल किया।
लगातार दूसरी हार के बाद राजधानी रॉयल्स के सामने अब सेमीफाइनल की उम्मीदें बनाए रखने की चुनौती है। टीम को अपने शेष मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करनी होगी।
रविवार को होंगे दो अहम मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को भी दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
लगातार जीत दर्ज कर रही टीमों के प्रदर्शन और सेमीफाइनल की दौड़ के बीच आगामी मुकाबले लीग की प्रतिस्पर्धा को और दिलचस्प बनाने वाले हैं।