माड़िया चौक का नाम बदलने पर आदिवासी कोया समाज में आक्रोश, कलेक्टर को ज्ञापन

केदार कश्यप की मौजूदगी में नाम बदले जाने पर उठे सवाल, समाज ने नाम पूर्ववत रखने की मांग की

माड़िया चौक का नाम बदलने से आदिवासी कोया समाज में आक्रोश

जगदलपुर। वर्तमान भारतीय जनता पार्टी सरकार के आदिवासी मंत्री केदार कश्यप द्वारा कल जगदलपुर में सेवा ज्योति यात्रा के दौरान आदिवासी माड़िया जाति के नाम से स्थापित माड़िया चौक का नाम बदलकर ‘विकसित भारत चौक’ किए जाने पर आदिवासी कोया समाज में आक्रोश व्याप्त है।

समाज का कहना है कि माड़िया चौक का नाम बदलने से पहले एक बार भी यह महसूस नहीं किया गया कि इस चौक का नाम माड़िया चौक के रूप में किन कारणों से रखा गया था, इसकी महत्ता क्या है और किन महान बलिदानों के परिणामस्वरूप बस्तर की माड़िया आबादी की पहचान से जुड़े इस चौक को यह नाम मिला।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मंत्री स्वयं आदिवासी वर्ग से आते हैं और आदिवासी आरक्षण के माध्यम से संवैधानिक पद पर पहुंचे हैं। इसके बावजूद आदिवासियों की कुर्बानियों, उनकी पहचान, अनूठी सभ्यता, परंपराओं और उनके नाम से बनी स्मारकों की पहचान को बदलना दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज ने आरोप लगाया कि एक समुदाय की पहचान को मिटाकर उसके बुनियादी अस्तित्व पर प्रहार किया जा रहा है।

समाज के लोगों ने कहा कि माड़िया चौक सरकार द्वारा बनाई गई कोई ऐसी संपत्ति नहीं है, जिसका नाम जब चाहे बदला जा सके। यह पहचान हमारे पूर्वजों के संघर्ष, समर्पण और बलिदान से मिली है। बस्तर की माटी की रक्षा के लिए हमारे पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उसी इतिहास और पहचान के प्रतीक के रूप में माड़िया चौक स्थापित है।

समाज ने बस्तर के इतिहास में कोया-माड़िया समाज के योगदान को याद करते हुए कहा कि बस्तर दशहरा की परंपराओं में आज भी माड़िया समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अलावा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए बस्तर में हुए विभिन्न संघर्षों में माड़िया आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनकी पहचान से जुड़े चौक का नाम बदलना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

आप्ति दर्ज करते हुए कलेक्टर, संभाग आयुक्त और नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

माड़िया चौक का नाम यथावत रखने की मांग को लेकर कलेक्टर, आयुक्त बस्तर संभाग एवं नगर निगम जगदलपुर को समाज की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से नाम परिवर्तन के निर्णय पर तत्काल रोक लगाने तथा माड़िया चौक का नाम पूर्ववत रखने की मांग की गई।

इस दौरान कोया कुटमा संभागीय अध्यक्ष हिड़मो मंडावी

माड़िया चौक का नाम पूर्ववत रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते कोया समाज के प्रतिनिधि।ने भी नाम परिवर्तन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि माड़िया चौक आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान और पूर्वजों के योगदान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर चौक का नाम यथावत रखने की मांग की।

इस अवसर पर कोया कुटमा संभागीय अध्यक्ष हिड़मो मंडावी, जिला अध्यक्ष देवदास कश्यप, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष गंगा नाग, कोया कुटमा समाज युवा प्रभाग अध्यक्ष गंगा होड़ी, पीताम्बर कवासी, गणेश नाग, मंगतू सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version