
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को मुख्यमंत्री साय ने बताया सेवा और सुशासन की प्रेरक गाथा
रायपुर में ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो ने दिखाई प्रधानमंत्री मोदी की संघर्ष से राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा
रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक समय की उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की गाथा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के केंद्र में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग हैं तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है।
युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के संघर्ष और सेवा के विभिन्न पड़ावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर अपने परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के माध्यम से देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार यह यात्रा बताती है कि मजबूत संकल्प और जनसेवा की भावना के साथ बड़ी चुनौतियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
बस्तर में शांति और विकास को मिली नई दिशा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में परिस्थितियां बदल रही हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाओं की पहुंच दूरस्थ क्षेत्रों तक बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति, विकास और जनविश्वास का नया दौर शुरू हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है।
किसान और महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं। कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। रेल नेटवर्क के विस्तार और स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
6691 जनजातीय गांवों में बुनियादी सुविधाओं पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और जनजातीय क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 6691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय अंचल विकास की यात्रा में केवल सहभागी ही नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्र बनें, सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
निवेश के नए अवसरों की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश में निवेश के लिए बढ़ते विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश अनुकूल वातावरण के माध्यम से राज्य को प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चाओं में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन टू वन चर्चा में राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना, अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक एवं नवाचार का केंद्र बनाना भी है।
नागरिकों की सहभागिता से बनेगा विकसित भारत
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ