CG: छोटेडोंगर में सड़क सुरक्षा को लेकर राकेश उसेंडी ने उठाई आवाज

तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर हो तत्काल कार्रवाई, भारी वाहनों के दबाव के बीच सड़क चौड़ीकरण और पासिंग पॉइंट की मांग

छोटेडोंगर में सड़क सुरक्षा को लेकर राकेश उसेंडी ने उठाई आवाज

 

तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर हो तत्काल कार्रवाई, भारी वाहनों के दबाव के बीच सड़क चौड़ीकरण और पासिंग पॉइंट की मांग

 

नारायणपुर/छोटेडोंगर। माइंस क्षेत्र में बढ़ते भारी वाहन परिवहन और कई मार्गों के सिंगल होने से पैदा हो रही सड़क सुरक्षा की समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की नियमित जांच, तेज रफ्तार पर कार्रवाई और दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी।

राकेश उसेंडी ने कहा कि माइंस से जुड़े ट्रकों की लगातार आवाजाही के साथ क्षेत्र में बस, मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। कई जगह सड़क की चौड़ाई इतनी कम है कि आमने-सामने बड़े वाहन आने पर सुरक्षित तरीके से साइड देना मुश्किल हो जाता है। ऐसे हालात में जाम के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

 

दुर्घटना होने पर उपचार और मुआवजे की व्यवस्था की मांग

 

जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि यदि भारी वाहन से दुर्घटना होती है और कोई व्यक्ति घायल होता है तो उसके तत्काल उपचार की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने दुर्घटना पीड़ितों के इलाज के लिए सहायता राशि की व्यवस्था करने तथा संबंधित माइंस कंपनी और ट्रांसपोर्टरों की जिम्मेदारी तय करने की बात कही।

 

उन्होंने यह भी मांग की कि दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

ट्रक चालकों की नियमित जांच जरूरी

 

राकेश उसेंडी ने माइंस क्षेत्र से संचालित होने वाले ट्रकों के चालकों की नियमित जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से तत्काल जांच होनी चाहिए। नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन को रोककर संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

उन्होंने कहा कि समय रहते ऐसी जांच और कार्रवाई होने से गंभीर सड़क हादसों को टाला जा सकता है।

 

मोटरसाइकिल चालकों से हेलमेट पहनने की अपील

 

सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने आम नागरिकों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। राकेश उसेंडी ने कहा कि मोटरसाइकिल चलाते समय प्रत्येक व्यक्ति हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करे। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करना होगा।

 

सिंगल सड़क पर पासिंग पॉइंट बनाने की मांग

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई मार्गों पर सिंगल सड़क होने के कारण भारी वाहनों और छोटे वाहनों के बीच सुरक्षित क्रॉसिंग में परेशानी होती है। खासकर ट्रक और बस जैसे बड़े वाहन सामने आने पर कई स्थानों पर दोनों वाहनों को एक साथ निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती।

 

राकेश उसेंडी ने प्रशासन और संबंधित माइंस कंपनियों से भारी वाहन आवागमन वाले मार्गों का सर्वे कराने, जरूरत के अनुसार सड़क चौड़ीकरण करने तथा प्रमुख स्थानों पर साइडिंग और पासिंग पॉइंट विकसित करने की मांग की है। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की बात कही है।

 

तेज रफ्तार वाहनों की सूचना देने की अपील

 

जिला पंचायत सदस्य ने क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई ट्रक या बस चालक अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाता है, लापरवाही करता है या उसकी ड्राइविंग से लोगों की जान को खतरा पैदा हो रहा है तो इसकी जानकारी तत्काल उन्हें दी जाए।

 

उन्होंने कहा कि नागरिकों से मिलने वाली सूचना को प्रशासन और पुलिस के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

 

विकास के साथ जनता की सुरक्षा भी जरूरी

 

राकेश उसेंडी ने कहा कि क्षेत्र में विकास और खनिज परिवहन आवश्यक है, लेकिन इसके साथ आम जनता की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ट्रक चालक, बस चालक और दोपहिया वाहन चालक सभी सड़क के समान हिस्सेदार हैं और सभी की सुरक्षा महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने प्रशासन, पुलिस, माइंस कंपनियों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से मिलकर ऐसी व्यवस्था बनाने की अपील की, जिससे सड़क हादसों की संभावना कम हो और क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Exit mobile version