
फरसगांव के पासंगी में करंट की चपेट में आया 19 वर्षीय युवक, मौत
बिजली खंभे पर तार लगाने के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत; डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कोंडागांव। फरसगांव क्षेत्र के आश्रित ग्राम पासंगी में मंगलवार को बिजली लाइन पर काम करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खंभे पर चढ़कर तार लगाने का काम कर रहा 19 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों द्वारा तत्काल उसे फरसगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विकास मरकाम, निवासी ग्राम छिंदली के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक विकास ठेकेदार के अधीन अन्य कर्मचारियों के साथ फरसगांव से रांधना तक पुराने बिजली तार हटाने और उनकी जगह नए तार लगाने के कार्य में लगा था। मंगलवार सुबह करीब 15 कर्मचारी काम के सिलसिले में पासंगी पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि काम के दौरान विकास बिजली के खंभे पर चढ़कर तार निकालने और नया तार लगाने की प्रक्रिया में जुटा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। बिजली का झटका लगने के बाद वह खंभे से नीचे गिर पड़ा। हादसा होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई।
साथियों ने बिना देर किए विकास को फरसगांव अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
विद्युत लाइन में करंट कैसे आया, जांच का विषय
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस बिजली लाइन पर कर्मचारी काम कर रहे थे, उसमें करंट किस परिस्थिति में प्रवाहित हुआ। घटना के दौरान सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किस तरह किया गया था और लाइन को कार्य के लिए पूरी तरह सुरक्षित किया गया था या नहीं, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ