
बस्तर की बेटी सना खान ने बढ़ाया मान, फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रखा कदम
जगदलपुर से गहरा नाता रखने वाली सना खान बनीं फिल्म ‘काली खेती’ की निर्माता, जैकी श्रॉफ और शरद केलकर जैसे कलाकार आएंगे नजर
बस्तर/जगदलपुर। बस्तर की प्रतिभाएं अब अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाकर जिले और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में जगदलपुर से गहरा नाता रखने वाली सना खान ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखते हुए बस्तर का मान बढ़ाया है। सना खान फिल्म ‘काली खेती’ की निर्माता हैं, जो जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
सना खान, जगदलपुर के हाटकचोरा में रहने वाले जाने-माने इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोफेशनल काज़िम रज़ा खान की बेटी हैं। फिल्म निर्माण जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उनकी यह शुरुआत बस्तर के लिए खास उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘काली खेती’
जैकी श्रॉफ, शरद केलकर और नेहा सरगम अभिनीत फिल्म ‘काली खेती’ 23 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का पोस्टर भी जारी किया जा चुका है, जिसके बाद दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ी है।
हारिस इम्तियाज़ खान के लेखन और निर्देशन में बनी यह ग्रामीण हॉरर फिल्म ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी कृषि, परिवार और विरासत से जुड़े पुराने रहस्यों को हॉरर और सस्पेंस के साथ प्रस्तुत करती है।
ग्रामीण परिवेश और रहस्य का अनोखा मेल
‘काली खेती’ की कहानी ग्रामीण जीवन से जुड़े उन पहलुओं को सामने लाने की कोशिश करती है, जिनमें जमीन, खेती, परिवार और पीढ़ियों से चली आ रही मान्यताओं का गहरा संबंध दिखाई देता है। इन्हीं विषयों को रहस्य और हॉरर के साथ जोड़कर फिल्म को एक अलग अंदाज देने का प्रयास किया गया है।
फिल्म में जैकी श्रॉफ, शरद केलकर और नेहा सरगम के अलावा वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण BlackCanvas Studio के बैनर तले किया गया है।
बस्तर से बॉलीवुड तक पहुंची प्रतिभा
बस्तर को आमतौर पर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी संस्कृति और समृद्ध परंपराओं के लिए जाना जाता है। ऐसे में बस्तर और जगदलपुर से जुड़ी किसी प्रतिभा का राष्ट्रीय स्तर के फिल्म निर्माण से जुड़ना क्षेत्र के युवाओं के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है।
सना खान की फिल्म निर्माण के क्षेत्र में यह शुरुआत यह बताती है कि बस्तर की प्रतिभाएं अब स्थानीय सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
फिल्म ‘काली खेती’ के 23 अक्टूबर को रिलीज होने के साथ ही सना खान के इस नए सफर पर बस्तरवासियों की भी नजर रहेगी।