CG: कोहकामेटा में सेवा सेतु शिविर, 132 हितग्राहियों को मिला योजनाओं और सेवाओं का लाभ

विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराईं शासकीय योजनाओं की सेवाएं, प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र किए वितरित

कोहकामेटा में सेवा सेतु शिविर, 132 हितग्राहियों को मिला योजनाओं और सेवाओं का लाभ

 

विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराईं शासकीय योजनाओं की सेवाएं, प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र किए वितरित

 

नारायणपुर, 01 अक्टूबर 2026। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों को उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार इसी क्रम में कोहकामेटा में ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया।

कोहकामेटा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ लेते ग्रामीण।

शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

 

स्वास्थ्य विभाग से सबसे अधिक 87 हितग्राही लाभान्वित

 

शिविर में आयुष्मान योजना के तहत 4 हितग्राहियों, श्रम विभाग के 8, आय प्रमाण-पत्र के 3, जाति प्रमाण-पत्र के 7, निवास प्रमाण-पत्र के 4, समाज कल्याण विभाग के 1, स्वास्थ्य विभाग के 87, महिला एवं बाल विकास विभाग के 15 तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 3 हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिला।

 

इस प्रकार शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 132 हितग्राही लाभान्वित हुए।

 

गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम ने बढ़ाया आयोजन का महत्व

 

शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पारंपरिक एवं गरिमापूर्ण तरीके से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बच्चों की देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम के माध्यम से परिवारों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा बच्चों के समुचित पोषण पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।

 

नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं की दी जानकारी

 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा के अवसर पर विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया।

 

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कलाकारों ने संवाद और प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने तथा जनभागीदारी निभाने का संदेश दिया।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में चौमुखी विकास के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

 

उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि उनके खातों में दिए जाने से उन्हें आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।

 

सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके नजदीक ही उपलब्ध कराया जाए। कोहकामेटा में आयोजित शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Exit mobile version