CG: चोरी की 12 लकड़ी की मूर्तियों के साथ आरोपी गिरफ्तार, नारायणपुर पुलिस ने बरामद किया चोरी का माल

आर्ट स्टूडियो से मोबाइल और 17 लकड़ी की मूर्तियां हुई थीं चोरी, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

 

 

नारायणपुर। थाना नारायणपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नारायणपुर अजय सिंह और थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के नेतृत्व में अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

मामला 28 अगस्त 2026 का है। ग्राम गढ़बेंगाल निवासी पंडी राम मंडावी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नारायणपुर स्थित उनके आर्ट स्टूडियो से मोबाइल फोन के साथ 17 नग लकड़ी की मूर्तियां चोरी हो गई हैं। चोरी गई मूर्तियों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई थी।

 

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 85/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

 

विवेचना के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मनोज विश्वकर्मा पिता श्यामलाल विश्वकर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी पाता नरहरपारा थाना एवं जिला कोंडागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

 

इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपी मनोज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर 15 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी अनिल चंद्राकर की तलाश की जा रही है। मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

 

नारायणपुर पुलिस ने आमजन से की अपील

 

नारायणपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से अपराधों की रोकथाम के साथ आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलती है।

 

 

Exit mobile version