
नारायणपुर। जिले में महिला और बाल अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के मार्गदर्शन में थाना बेनूर पुलिस ने नाबालिग से संबंधित मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना बेनूर में डोंडीपारा निवासी एक महिला की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 19/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
शिकायत के मुताबिक बेनूर थाना क्षेत्र के कोटगांव निवासी 23 वर्षीय युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत प्राप्त होने के बाद बेनूर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आवश्यक जानकारी और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला और बाल अपराधों से जुड़े मामलों में पुलिस द्वारा गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में शिकायत प्राप्त होते ही जांच और कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ