
कुपोषण पर कड़ा प्रहार, नारायणपुर के 13 हजार से अधिक बच्चों को मिलेगा रोजाना पौष्टिक नाश्ता
476 स्कूलों में शुरू हुई निःशुल्क नाश्ता योजना, आंगनबाड़ियों में भी पौष्टिक लड्डू का वितरण शुरू
नारायणपुर, 11 सितंबर 2026। अबूझमाड़ के प्रवेश द्वार नारायणपुर जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत जिले के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 13 हजार से अधिक बच्चों के लिए प्रतिदिन निःशुल्क पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को कुपोषण से दूर रखने के उद्देश्य से पौष्टिक लड्डू वितरण की शुरुआत भी की गई।
जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने इस योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने स्वयं बच्चों को पौष्टिक नाश्ता परोसकर उनका उत्साहवर्धन किया।
योजना का लाभ नारायणपुर और ओरछा विकासखंड के 476 विद्यालयों में अध्ययनरत 13 हजार 15 विद्यार्थियों को मिलेगा। प्रत्येक बच्चे को प्रतिदिन 150 ग्राम ताजा और पौष्टिक नाश्ता दिया जाएगा। बच्चों के स्वाद और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सप्ताह के अलग-अलग दिनों के लिए संतुलित मेन्यू तैयार किया गया है।
मेन्यू में पोहा फलीदाना, सूजी का उपमा, दलिया, चना, खड़ा मूंग और मूंगफली जैसे पोषक एवं प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ बेहतर पोषण भी मिल सकेगा।
योजना को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले के 676 रसोइयों को प्रतिमाह 800 रुपये का अतिरिक्त मानदेय भी दिया जा रहा है। इससे विद्यालयों में नाश्ता तैयार करने वाली व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रसोइयों का मनोबल भी बढ़ेगा।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल विशेष रूप से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। पौष्टिक नाश्ता मिलने से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने और पढ़ाई में बेहतर रुचि पैदा करने में भी मदद मिलेगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में शुरू की गई पौष्टिक लड्डू योजना भी बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। दोनों योजनाओं का उद्देश्य जिले के बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ