
आमदई माइंस के पास ट्रक में लगी भीषण आग, चालक और हेल्पर ने कूदकर बचाई जान
नारायणपुर। जिले के ओरछा मुख्य मार्ग पर आमदई माइंस के पास मंगलवार को एक ट्रक में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आ रही है। हादसे के समय ट्रक में चालक और हेल्पर मौजूद थे, जिन्होंने आग फैलते ही ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG27 P7185 में अचानक आग लगी और कुछ ही देर में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक नारायणपुर निवासी जयदेव मलिक का है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी और टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
वहीं मौके पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए माइंस के वाटर टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते चालक और हेल्पर के ट्रक से बाहर निकल जाने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे में ट्रक के केबिन को काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।