CG: छोटेडोंगर में यादव समाज ने धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, निकली भव्य शोभायात्रा

बड़गांव से विहान भवन तक तीन किलोमीटर पैदल चली शोभायात्रा, राउत नाचा और दही मटकी फोड़ रहा आकर्षण का केंद्र

 

 

दंडकारण्य दर्पण | नारायणपुर

संवाददाता बोधन नाग 

छोटेडोंगर। यादव समाज 84 परगना छोटेडोंगर द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर जन्माष्टमी पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन ग्राम बड़गांव से यादव समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और समाज के लोग शामिल हुए।

शोभायात्रा ग्राम बड़गांव से प्रारंभ होकर करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करते हुए डूरकाडोंरी, दंतेश्वरी मंदिर, गायत्री मंदिर और बस स्टैंड होते हुए छोटेडोंगर स्थित यादव समाज की चिन्हांकित भूमि विहान भवन पहुंची। शोभायात्रा को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।

 

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण किए छोटे-छोटे बच्चे आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। नंद बाबा की भूमिका में एक व्यक्ति भगवान श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर सिर पर रखे हुए चल रहे थे। इस मनमोहक दृश्य ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।

 

विहान भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। कार्यक्रम में राउत नाचा, दही मटकी फोड़ और नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी लिखराम बेलसरिया रहे। विशिष्ट अतिथि यादव समाज जिला नारायणपुर अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगतनाथ यादव तथा विशेष अतिथि 18 गढ़ बस्तर संभाग अध्यक्ष पिलानाथ बेलसारिया रहे। इसके अलावा जिला संरक्षण अशोक यादव, तिलसु राम यादव, सुखचरण यादव, कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, दुग्गाल परगना अध्यक्ष डिगम्बर यादव, जिला कोषाध्यक्ष विनोद यादव, जिला प्रवक्ता सुखचंद यादव सहित समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में थाना धौड़ाई के एएसआई जंगलुराम कोर्राम, छोटेडोंगर थाना प्रभारी हरिशंकर ध्रुव, निको माइंस छोटेडोंगर के मानव संसाधन विभाग प्रबंधक अर्जुन गोस्वामी सहित अन्य अतिथियों का भी स्वागत किया गया। उपस्थित अतिथियों को तिलक-चंदन लगाकर राधे-राधे गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

यादव समाज 84 परगना छोटेडोंगर के अध्यक्ष खुमेश यादव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जन्माष्टमी कार्यक्रम में क्षेत्र के साथ-साथ दंतेवाड़ा, बेनूर, नारायणपुर, कापसी, धनोरा, महिमागवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया।

 

आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। यादव समाज के लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया।

Exit mobile version