
दंडकारण्य दर्पण
संवाददाता – बोधन नाग
कंकिरबेड़ा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला कांकेरबेड़ा के जर्जर भवन का जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी, उपसरपंच संतोष बैठारू, काशीराम नाग और भारत पुटान ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल भवन की स्थिति बेहद खराब पाई गई। भवन की छत समेत अन्य हिस्सों में आई खराबी को लेकर जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई और शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि विद्यालय भवन की छत और अन्य हिस्से काफी जर्जर हो चुके हैं। भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो जर्जर भवन किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
इस दौरान विद्यालय में सभी शिक्षक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से स्कूल की आवश्यकताओं और भवन की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनकी शिक्षा व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष मरम्मत का विषय रखा जाएगा और जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि विद्यालय भवन की मरम्मत जल्द कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।