CG: विकसित भारत की राह में नारी शक्ति बनेगी सबसे बड़ी ताकत : रूपकुमारी चौधरी

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, आत्मनिर्भर महिलाएँ देश की अर्थव्यवस्था को दे रही नई मजबूती

 

 

करीब 3 करोड़ महिलाएँ बनीं लखपति दीदी, गांवों से शहरों तक बढ़ा आत्मनिर्भरता का दायरा

 

दंडकारण्य दर्पण | रायपुर

 

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रही हैं और अब वे केवल परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

रूपकुमारी चौधरी ने बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि महिला शक्ति आज देश की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। महिलाएं विमानन, खेल, पर्वतारोहण, शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

 

उन्होंने महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय करुणा शुक्ला और डॉ. सरोज पाण्डेय के बाद छत्तीसगढ़ से किसी महिला नेता को संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

 

रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से देश की करीब 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम कर रही हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को भी स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत 7.8 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर हासिल कर रहा है। यह मजबूत नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का परिणाम है।

 

पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को पक्का घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों के खातों में हर वर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि पहुंचाई जा रही है।

 

उन्होंने जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना और पीएम सूर्य घर योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ पेयजल, महिलाओं को धुएं से मुक्ति और घरों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है।

 

छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए चौधरी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, नियद नेल्लानार योजना, रानी दुर्गावती योजना, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना और सरस्वती साइकिल योजना को भी राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहलों में बताया। उन्होंने कहा कि विशेषकर बस्तर के अंदरूनी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास और विश्वास की नई तस्वीर पेश कर रहा है।

 

पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे, डॉ. किरण बघेल तथा महिला मोर्चा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष कृतिका जैन उपस्थित रहीं।

Exit mobile version