CG: झीरम घाटी कांड का फैसला टला, अब 5 सितंबर को NIA कोर्ट सुनाएगी फैसला

झीरम घाटी कांड का फैसला टला, अब 5 सितंबर को NIA कोर्ट सुनाएगी फैसला

 

दंडकारण्य दर्पण

 

बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड मामले में आज 31 अगस्त को होने वाला फैसला टल गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA की विशेष अदालत अब इस मामले में 5 सितंबर 2026 को अपना फैसला सुनाएगी। दोनों पक्षों की अंतिम बहस पूरी होने के बाद न्यायालय ने फैसला सुरक्षित रखा था।

 

झीरम घाटी मामले में कुल 11 आरोपियों के विरुद्ध अभियोजन चला। इनमें से एक आरोपी की मुकदमे की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो चुकी है। शेष आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अपने साक्ष्य प्रस्तुत किए और कुल 101 गवाहों के बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए।

 

अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान के साथ विभिन्न दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों को भी न्यायालय के समक्ष रखा। इन साक्ष्यों के आधार पर मामले में अंतिम बहस पूरी हुई। इसके बाद न्यायालय ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

 

31 अगस्त को फैसले की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन अब न्यायालय ने फैसले के लिए 5 सितंबर की तारीख निर्धारित की है। फैसले को लेकर झीरम घाटी हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और बस्तर के लोगों में विशेष रुचि बनी हुई है।

 

झीरम घाटी में 25 मई 2013 को हुए नक्सली हमले में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा सहित कई राजनीतिक नेताओं, सुरक्षा कर्मियों और कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी। यह हमला छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े राजनीतिक और नक्सली हमलों में शामिल रहा है।

अब सभी की नजरें 5 सितंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। NIA की विशेष अदालत के फैसले के बाद ही मामले में न्यायिक प्रक्रिया की अगली तस्वीर स्पष्ट होगी।

Exit mobile version