
मलबे के नीचे तीन दिन दबी रही 6 साल की बच्ची, जिंदा बाहर निकली
दंडकारण्य दर्पण | काठमांडू, 30 अगस्त 2026
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बीच रसुवा जिले से एक राहत भरी खबर सामने आई है। टिमुरे क्षेत्र में भोटेकोशी नदी की बाढ़ और मलबे के बीच करीब तीन दिनों से मिट्टी के नीचे दबी छह वर्षीय बच्ची को सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने शुक्रवार शाम सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बाढ़ प्रभावित इलाके में लोगों की तलाश और बचाव अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों को अचानक मिट्टी के नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही जवानों ने तत्काल मौके पर खुदाई शुरू की और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को मलबे से बाहर निकाल लिया।
बचाव के बाद बच्ची को सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के टिमुरे स्थित बॉर्डर आउट पोस्ट लाया गया। कई दिनों तक मलबे के नीचे रहने के कारण उसकी हालत काफी कमजोर हो गई थी। बेहतर उपचार के लिए शुक्रवार रात हेलिकॉप्टर से उसे काठमांडू ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रात का समय और खराब मौसम इसमें बाधा बन गया।
इसके बाद शनिवार दोपहर बच्ची को हेलिकॉप्टर से काठमांडू लाया गया, जहां उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
तीन दिनों तक मलबे के नीचे रहने के बावजूद बच्ची का जिंदा मिलना राहत और उम्मीद की बड़ी खबर मानी जा रही है। बचाव दल की तत्परता और साहस ने एक मासूम की जिंदगी बचा ली।