
खेल प्रतिभाओं को तलाशने से लेकर तराशने तक सरकार का पूरा जोर, 126 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान
राष्ट्रीय खेल दिवस पर रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह, 666 खिलाड़ियों को 1.74 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि
दंडकारण्य दर्पण
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं का भव्य सम्मान हुआ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। समारोह में 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। इस तरह कुल 666 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और संघर्ष की पहचान है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।
156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता खुला
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के सम्मान के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 156 खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। इससे इन खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है।
सरकार का मानना है कि खिलाड़ियों को खेल के साथ बेहतर करियर का भरोसा मिलने से प्रदेश के युवाओं में खेल को करियर के रूप में अपनाने का उत्साह और बढ़ेगा।
बस्तर ओलंपिक बना बदलाव और युवा शक्ति की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर और प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इन प्रतिभाओं को पहचानने, प्रशिक्षण देने और बड़े मंच तक पहुंचाने की है।
इसी उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। पहले आयोजन में 1 लाख 65 हजार युवाओं ने भाग लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार हो गई। मुख्यमंत्री ने इसे बस्तर में सकारात्मक बदलाव और युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रमाण बताया।
सरगुजा ओलंपिक और छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के माध्यम से भी ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
100 करोड़ के मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से बदलेगा खेलों का परिदृश्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए सरकार पांच मिशन पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार का लक्ष्य केवल खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं है, बल्कि प्रतिभा की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, बेहतर अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच की पूरी व्यवस्था तैयार करना है।
रायपुर से पंडरापाट तक तैयार हो रहा आधुनिक खेल ढांचा
प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं।
नवा रायपुर में तीरंदाजी खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से अकादमी का निर्माण किया जा रहा है। वहीं पहाड़ी कोरवा समुदाय की प्राकृतिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं, अवसर बढ़ाने की जरूरत
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक और सामाजिक विविधता विभिन्न खेलों के लिए अनुकूल है। प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर उचित प्रशिक्षण और अवसर देने की है।
उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया।
खेलों के लिए देश में बना सकारात्मक माहौल
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल से भारत को विश्व में गौरवान्वित किया। आज छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, प्रोत्साहन और बेहतर अवसर मिल रहे हैं। इसका सकारात्मक असर देश के खेल प्रदर्शन पर दिखाई दे रहा है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के सामने बड़े अवसर हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों, एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे।
तीन वर्षों की खेल उपलब्धियों को मिला सम्मान
समारोह में तीन वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
वर्ष 2023-24 के सम्मानित खिलाड़ी
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार से मोनिका साहू, सुभाष लहरे, अनुप यदु, राजेश राठौर, भूपेन्द्र कुमार गढ़े और परमानंद को सम्मानित किया गया।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार से दिपांशी नेताम, महेन्द्र धुर्वे, अमित कुमार और राकेश कडती को सम्मान मिला।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार विकास ढीढ़ी को दिया गया।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सीता साहू, करन भारती, प्रियंका ठाकुर, शशांक मसीह, राजीव साहू, काजल, भूमिका उपाध्याय और अजिंक्या सिंह सम्मानित हुए।
शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रवेश चढ्ढा, विजय बहादुर, लक्ष्मण लाल साहू, के. रवि शंकर और गिरिराज बागड़ी को मिला।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर वर्ग की बिलासपुर पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग टीम को प्रदान की गई।
वर्ष 2024-25 में खिलाड़ियों का सम्मान
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार से ज्ञानेश्वरी यादव, ईशान भटनागर, दिव्यांशु नेताम, भूमि गुप्ता, सोनम शर्मा, कलाराम पटेल और लोमेन्द्र साहू सम्मानित हुए।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार मानस भट्टाचार्य और सुखदेव को मिला। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार अशोक कुमार साहू को प्रदान किया गया।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान सुमन यादव, रोहित रजक, गीतांजलि निर्मलकर, के.एस. साई प्रशांत, सुष्मिता सोम, रामकृष्ण साहू, स्वाति साहू, साकेत सामुएल, अमन तिवारी और मानसी डुंभरे को दिया गया।
शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रभा हुसैन, संगीता राजगोपालन, गामा यादव और प्रनय नन्द मजूमदार को मिला।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर महिला वर्ग की बिलासपुर तीरंदाजी टीम ने हासिल की।
वर्ष 2025-26 में नई पीढ़ी की प्रतिभाओं का सम्मान
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार से विकास कुमार, किरण पिस्दा, दीपांशी नेताम, सुजेय तंबोली, आयुष माखिजा, संजू देवी, रीमा राय, मिशा कुमारी और लक्की यादव सम्मानित हुए।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार दिव्यांशु देवांगन, विक्रम राज, दिव्यांश अग्रवाल, सोनिका राजवाड़े, स्वप्निल प्रधान, भूमिका चौधरी, पूजा और निखिल कुमार यादव को प्रदान किया गया।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार अजय दीप सारंग को मिला।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान संस्कार दिवान, विद्या सिंह, अंकुश सिंह, झमिता साहू, हेमशिखर, अरन्दिम देवनाथ, स्नेहा न्योगी, अनमोल सिंह, यश केरकेट्टा, टुकेश साहू, सेमेश्वर सिंह, श्रीकांत पाण्डे और खुशाल यादव को प्रदान किया गया।
शहीद विनोद चौबे सम्मान गंगेश्वर, ख्वाजा अहमद, एवन कुमार जैन, मो. अकरम खान और प्रदीप जोशी को मिला।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी तीरंदाजी सीनियर महिला टीम और सॉफ्ट टेनिस जूनियर बालिका टीम को प्रदान की गई।
समारोह में विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।