CG: देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

खुर्सीपार पुलिस ने 12 बोर का देशी कट्टा और एक राउंड किया बरामद

देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

 

खुर्सीपार पुलिस ने 12 बोर का देशी कट्टा और एक राउंड किया बरामद

 

दुर्ग, 25 अगस्त 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के उड़िया बस्ती स्थित लक्ष्मी नारायण नगर में देशी कट्टा लेकर लोगों को डराने धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का एक देशी कट्टा और एक राउंड बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।

 

पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तम उर्फ पुरुषोत्तम उर्फ बुड़ा, उम्र 38 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नारायण नगर, उड़िया बस्ती, खुर्सीपार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा और एक राउंड बरामद किया गया।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वर्ष 2021 में थाना भिलाई तीन क्षेत्र में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज होने और जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी पुलिस ने दी है। इसके अलावा अन्य आपराधिक प्रकरणों की जानकारी भी सामने आई है।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध हथियार अपने पास रखकर क्षेत्र में घूम रहा था और लोगों को भयभीत कर अपना दबदबा कायम करने का प्रयास कर रहा था।

 

इस कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या उसके जरिए लोगों को डराने धमकाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version