
हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को पड़ी भारी
बिलासपुर हाईकोर्ट ने सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया
रायपुर। हाईकोर्ट के आदेश का निर्धारित समय सीमा में पालन नहीं करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया मुश्किल में घिर गए हैं। बिलासपुर हाईकोर्ट ने मामले में सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
गरियाबंद के ड्राइवर के तबादले से जुड़ा मामला
मामला गरियाबंद निवासी ड्राइवर दायासिंह ध्रुव के तबादले से जुड़ा है। तबादला आदेश से असंतुष्ट याचिकाकर्ता ने इसके खिलाफ बिलासपुर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
छह महीने में अभ्यावेदन के निराकरण का दिया था निर्देश
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने संबंधित अभ्यावेदन का छह महीने के भीतर नियमानुसार निराकरण करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया गया।
अब अवमानना की कार्रवाई पर मांगा जवाब
आदेश के पालन में कथित देरी को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने उनसे जवाब मांगा है कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना के लिए उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। मामले में अब सचिव के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।