CG: दण्डकारण्य दर्पण की पहल रंग लाई, साप्ताहिक बाजार की सफाई में जुटी नगर पालिका
बाजार की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा उठाने के बाद कीचड़ और मलबा हटाने का काम शुरू, व्यापारियों को मिलेगी राहत
दण्डकारण्य दर्पण की पहल रंग लाई, साप्ताहिक बाजार की सफाई में जुटी नगर पालिका
बाजार की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा उठाने के बाद कीचड़ और मलबा हटाने का काम शुरू, व्यापारियों को मिलेगी राहत
नारायणपुर। शहर की साफ सफाई और बेहतर व्यवस्था को लेकर दण्डकारण्य दर्पण का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में साप्ताहिक बाजार में बारिश के कारण जमा कीचड़, मलबे और अव्यवस्था का मुद्दा नगर पालिका के सीएमओ रामचंद्र यादव के सामने रखा गया था। अब नगर पालिका ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बाजार स्थल की सफाई और व्यवस्था सुधारने का काम शुरू कर दिया है।
साप्ताहिक बाजार में लंबे समय से कीचड़ और गंदगी के कारण फुटकर व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दिनों में बाजार में बैठने और सामान बेचने के लिए साफ जगह नहीं मिल पा रही थी। व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए दण्डकारण्य दर्पण ने नगर पालिका के अधिकारियों के साथ चर्चा कर बाजार की सफाई और बेहतर व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद नगर पालिका की टीम ने बाजार क्षेत्र में पहुंचकर कीचड़ और जमा मलबे को हटाने का काम शुरू किया। बाजार के रास्तों और व्यापारियों के बैठने वाले स्थानों को साफ किया जा रहा है, ताकि बारिश के बीच भी बाजार व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
दण्डकारण्य दर्पण का उद्देश्य केवल खबर प्रकाशित करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाना है। शहर की सफाई, यातायात, बाजार व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर पालिका सीएमओ रामचंद्र यादव के निर्देशन में सफाई टीम बाजार सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यवस्था सुधारने में जुटी है। बरसात के दौरान गंदगी और जलभराव से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अब व्यवस्थित बाजार की ओर नारायणपुर
साप्ताहिक बाजार की सफाई की पहल से फुटकर व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में बाजार में व्यापारियों के बैठने, आवागमन और साफ सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने की दिशा में काम किया जा सकता है।
दण्डकारण्य दर्पण जनहित के मुद्दों को लगातार प्राथमिकता देता रहेगा। शहर की व्यवस्था बेहतर हो, आम नागरिकों और व्यापारियों को सुविधाएं मिलें और नारायणपुर स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर की दिशा में आगे बढ़े, इसी उद्देश्य के साथ यह अभियान जारी रहेगा।