
स्कूल बंद किए बिना शिक्षकों ने निकाली रैली, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
टीईटी की अनिवार्यता, सेवा सुरक्षा और वरिष्ठता समेत शिक्षक समस्याओं के समाधान की मांग
ओरछा, नारायणपुर, 22 अगस्त 2026। शिक्षक साझा मंच के आह्वान पर शनिवार को विकासखंड ओरछा में शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी की अनिवार्यता, सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता और अन्य शिक्षक समस्याओं को लेकर रैली, धरना और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षकों ने विकासखंड स्तर पर रैली निकालकर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा तथा अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व नारायणपुर जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार देवांगन और कौशल कुमार कोर्राम ने किया। रैली में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई और शासन से शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
आंदोलन की खास बात यह रही कि शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने के साथ स्कूलों में अध्यापन कार्य भी जारी रखा। इसके चलते स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित नहीं हुई और शिक्षकों ने अपनी जिम्मेदारी के साथ आंदोलन में भागीदारी निभाई।
नारायणपुर जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि लंबे समय से शिक्षक सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। शिक्षक अब अपनी समस्याओं को लेकर संगठित होकर शासन के सामने अपनी बात रख रहे हैं। 22 अगस्त का यह आंदोलन शिक्षकों की एकजुटता और अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का आंदोलन किसी व्यवस्था को बाधित करने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था को अधिक न्यायपूर्ण बनाने और शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए है। विकासखंड स्तर पर रैली में शिक्षकों की मौजूदगी ने शिक्षक एकता और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया है।
देवेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि शिक्षक साझा मंच के बैनर तले सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता और शिक्षक हितों से जुड़े अन्य मुद्दों के समाधान के लिए संघर्ष लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने शासन से शिक्षकों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की।