CG: मलेरिया से गर्भवती आदिवासी महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

मलेरिया से गर्भवती आदिवासी महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

 

कांकेर। छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम कंदाड़ी में मलेरिया से एक आदिवासी गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला को समय पर उपचार नहीं मिल सका। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए कोटरी नदी में नाव के सहारे लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बीच नदी में महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर इलाज उपलब्ध कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।

 

घटना के बाद मामला सामने आने पर प्रशासन सक्रिय हुआ है। आरोप है कि अब महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रशासन की ओर से परिजनों और ग्रामीणों पर दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब समय पर इलाज उपलब्ध नहीं कराया गया, तब प्रशासन की जवाबदेही तय करने के बजाय अब पोस्टमार्टम को लेकर दबाव बनाया जा रहा है।

 

पोस्टमार्टम को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच स्थिति तनावपूर्ण बताई जा रही है। इस कार्रवाई से स्थानीय आदिवासी ग्रामीणों में नाराजगी है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

ग्रामीणों की मांग है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच हो और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा समय पर उपचार नहीं मिलने के मामले में जिम्मेदारी तय की जाए।

 

 

Exit mobile version