
नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, छत्तीसगढ़ से रूप कुमारी चौधरी और दीपक महस्के को बड़ी जिम्मेदारी
रायपुर, 17 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय से जारी नियुक्ति सूची में संगठन के अलग-अलग पदों पर कई राज्यों के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक महस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई टीम में संगठन से लेकर मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न मोर्चों तक कई महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती प्रवीण पवार, पंजाब के मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंद कर को जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर महाराष्ट्र के विनोद तावड़े, दिल्ली के सुनील बंसल, त्रिपुरा के बिप्लब कुमार देब, उत्तर प्रदेश की स्मृति ईरानी, राजस्थान के डॉ. सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश के गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के हरीश द्विवेदी और हरियाणा के संजय भाटिया को जिम्मेदारी मिली है। संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में बी.एल. संतोष को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद पर महाराष्ट्र के पीयूष गोयल और सह कोषाध्यक्ष के रूप में राजस्थान के राजेश मंगल को जिम्मेदारी मिली है। राष्ट्रीय मंत्री के पद पर भी विभिन्न राज्यों के नेताओं को शामिल किया गया है।
पार्टी ने मीडिया और डिजिटल संगठन को भी विशेष महत्व दिया है। अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। आशीष उमा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के दीपक महस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। सोशल मीडिया सह संयोजक के रूप में प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को जिम्मेदारी दी गई है।
मोर्चों की जिम्मेदारियों में छत्तीसगढ़ को एक और बड़ी भूमिका मिली है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी, ओबीसी मोर्चा की उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य, किसान मोर्चा की मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर, एससी मोर्चा की बिहार के शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा की राजस्थान के डॉ. मनोज रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा की उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली को जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी के रूप में पंजाब के तरुण चुग, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री के रूप में उत्तराखंड के महेंद्र पांडे को जिम्मेदारी मिली है। नॉर्थ ईस्ट संयोजक के रूप में ओडिशा के डॉ. संबित पात्रा और सह संयोजक के रूप में दिल्ली के राजीव बब्बर को नियुक्त किया गया है। प्रकोष्ठ संकुल संयोजक के रूप में मध्य प्रदेश के विष्णु दत्त शर्मा तथा सह संयोजक के रूप में बिहार के ऋतुराज सिन्हा और आंध्र प्रदेश के विष्णु वर्धन रेड्डी को जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन के साथ महिला, युवा, किसान, ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। छत्तीसगढ़ से रूप कुमारी चौधरी और दीपक महस्के को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल है।